अनिल कुमार/बोकारो : बोकारो स्टील प्लांट में विगत 16 जून को काम के दौरान चक्कर खाकर गिरने से जख्मी लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन के मजदूर कमलेश साव का विगत रात बोकारो जनरल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. उसकी मौत की सूचना पाकर उसके परिजन एवं स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच कर मृतक के परिजनों को मुआवजा एवं नियोजन की मांग करने लगे. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि विगत 16 जून को लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन के मजदूर कमलेश साव बोकारो स्टील सिटी में काम के दौरान चक्कर आने से गिर गया जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई. 43 वर्षीय जख्मी मजदूर का पहले प्लांट अस्पताल में इलाज कराया गया, किन्तु उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बोकारो जनरल अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहां उसका सीसीयू में इलाज चल रहा था, जहां विगत रात उसकी मौत हो गयी. मौत की सूचना पर उसके परिजन एवं स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गये एवं मृतक के परिजनों को मुआवजा एवं आश्रित को नौकरी देने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गये हैं.(नीचे भी पढ़ें)
मृतक की पत्नी जूली देवी का कहना है कि वह पूरी तरह स्वस्थ थे और प्लांट में काम करने गये थे. काम के दौरान ही वे गश खाकर गिर गये, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आयी, जिसके कारण उन्हें सीसीयू मे भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मृत्यु हो गयी. मृतक की पत्नी का कहना है कि उसके छोटे-छोटे बच्चे हैं, घर में कोई और सहारा नहीं है. दुर्घटना प्लांट के अंदर होने के कारण उसने उचित मुआवजा एवं आश्रित को नियोजन दिये जाने की मांग की है.(नीचे भी पढ़ें)
वहीं विस्थापित नेता सहदेव साव ने कहा कि घायल ठेका मजदूर को उनके साथियों ने प्लांट के अंदर अस्पताल में भर्ती कराया था. इसके बाद उसे बोकारो जनरल अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया था. प्रबंधन का कहना है कि लू लगने से मजदूर की मौत हुई है. ठेकेदार और प्रबंधन मामले को दबाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि मजदूर की मौत प्लांट के अंदर गिरने से हुई है, इसलिए मामला जो भी हो प्रबंधन नियमानुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा और नियोजन प्रदान करे.




