जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने रविवार को पुलिस अधीक्षक (नगर/ग्रामीण), सहायक पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी डीएसपी, अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में सभी अधिकारियों को एक टीम की तरह समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया गया. एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि थाना आने वाले प्रत्येक आगंतुक के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें, उन्हें ठंडा पानी उपलब्ध कराएं, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें और त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें. बैठक में स्पष्ट किया गया कि यदि किसी थाना क्षेत्र में अवैध जुआ, लॉटरी, ड्रग्स या अवैध बालू का कारोबार संचालित होता पाया गया तो संबंधित थाना प्रभारी की सीधे जवाबदेही तय होगी. किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

एसएसपी ने अवैध हथियारों, अवैध चाकू और अन्य प्रतिबंधित हथियारों के खिलाफ लगातार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया. साथ ही, दागी और गुंडा पंजी में दर्ज अपराधियों की नियमित थाना हाजिरी सुनिश्चित कर उन्हें भविष्य में अपराध से दूर रहने की चेतावनी देने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि थाना गश्ती, पीसीआर और टैंगो मोबाइल टीमें 24 घंटे सक्रिय रहें तथा बैंक, एटीएम, वित्तीय संस्थानों, ज्वेलरी दुकानों और पेट्रोल पंपों पर विशेष निगरानी रखें. महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल, कॉलेज और पार्कों के आसपास छेड़खानी तथा चेन छिनतई जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए. यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने सभी ट्रैफिक थाना प्रभारियों से कहा कि यातायात संधारण के नाम पर आम लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए. इसके बजाय लोगों को ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जाए.






