जमशेदपुर : पद्म विभूषण तीजन बाई के निधन पर वरिष्ठ समाजसेवी अशोक गोयल ने दुख जताया है. उन्होंने बताया कि 2022 में तीजनबाई रायपुर से जमशेदपुर आई थीं. श्री गोयल ने उन्हें टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रायपुर जानेवाली ट्रेन में बिठाया था. श्री गोयल के अनुसार, रांची के मोराबादी में युगांतर भारती की तरफ से लगाए गए सात दिवसीय पर्यावरण मेले में तीजनबाई का भी प्रोग्राम हुआ था. प्रोग्राम खत्म कर तीजनबाई सहित सात लोगों की टोली सुबह पांच बजे जमशेदपुर पहुंची थी. (नीचे भी पढ़ें)
श्री गोयल के अनुसार, वे सभी लोगों को स्वर्णरेखा गेस्ट हाउस ले गए. सभी ने वहीं पर आराम किया. दो से ढाई घंटे तक तीजनबाई और श्री गोयल के बीच कला, संस्कृति एवं अन्य मुद्दों पर बातचीत होती रही, फिर सुबह के आठ बजे के करीब रायपुर जानेवाली ट्रेन में सभी को बिठाया गया. श्री गोयल ने बताया कि वह पंडवानी के प्रति समर्पित थीं. महाभारत के विभिन्न पात्रों का वह चरित्र चित्रण बखूबी करती थीं. उनके निधन से पंडवानी सुनने वालों को गहरा सदमा लगा है.






