जमशेदपुर : शहरी क्षेत्र के जेएनएसी और मानगो नगर निगम में जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने का काम पूरी तरह बंद है. दोनों निकायों के कार्यालयों में प्रमाणपत्र बनवाने पहुंच रहे लोगों को काउंटर पर काम बंद होने का नोटिस देखकर निराश होकर लौटना पड़ रहा है. प्रमाणपत्र नहीं बनने से बच्चों के स्कूल में दाखिले, आधार कार्ड समेत कई जरूरी सरकारी कार्य प्रभावित हो रहे हैं. जानकारी के अनुसार, जिले की सभी छह विधानसभा सीटों में एसआइआर के तहत अनमैप्ड मतदाताओं के दावे और आपत्तियों का कार्य चल रहा है. नगर निकायों के कर्मचारियों को भी इस कार्य में लगाया गया है. कर्मचारियों की ड्यूटी एसआइआर में लगाये जाने के कारण जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने के काउंटर बंद कर दिये गये हैं.
जेएनएसी-मानगो में 1500 से अधिक आवेदन लंबित : जेएनएसी और मानगो नगर निगम में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के 1500 से अधिक आवेदन लंबित हैं. रोजाना लोग प्रमाणपत्र बनवाने के लिए कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन काउंटर बंद होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से परेशानी बढ़ गयी है.
जुगसलाई में भी 280 से अधिक आवेदन अटके : जुगसलाई नगर परिषद में भी जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के 280 से अधिक आवेदन लंबित हैं. यहां पहुंचने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए जल्द व्यवस्था की जायेगी. जेएनएसी पहुंचे सैयद अरशद अली, सोनू कुमार, अमित कुमार और विजय कुमार महली ने बताया कि प्रमाणपत्र जरूरी होने के बावजूद कई दिनों से कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है. उनका कहना था कि काम शुरू होने की स्पष्ट जानकारी भी नहीं मिल रही है.
जल्द शुरू होगा काउंटर : नगर आयुक्त : जेएनएसी के नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि एसआइआर के तहत दावा-आपत्ति का कार्य बेहद जरूरी है और इसे समय पर पूरा करना है. इसी कारण कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है. जल्द ही जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने का काउंटर दोबारा शुरू कराया जायेगा.




