गालूडीह : लगातार हो रही बारिश के बाद गालूडीह थाना परिसर में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. परिसर में जगह-जगह पानी जमा होने से थाना परिसर तालाब जैसा नजर आ रहा है. इससे पुलिसकर्मियों के साथ-साथ थाना पहुंचने वाले फरियादियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश का पानी परिसर में जमा रहने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है. दोपहिया वाहन लेकर पहुंचने वाले लोगों को भी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने तथा गंदगी फैलने की आशंका बनी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना परिसर जैसे महत्वपूर्ण सरकारी स्थल में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए. बारिश के दिनों में हर बार जलजमाव की समस्या सामने आने से लोगों को परेशानी होती है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से थाना परिसर में जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है.




