जमशेदपुर : जमशेदपुर के वरीय भाजपा नेता, जमशेदपुर मारवाड़ी ब्राह्मण संघ के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध शिक्षाविद् महेश चंद्र शर्मा का निधन हो गया है. वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे. उन्होंने शनिवार रात 2 बजे जुगसलाई, ब्रांच रामटेकरी रोड स्थित आवास पर अंतिम सांस ली. उनके निधन से शहर के मारवाड़ी समाज एवं भारतीय जनता पार्टी सहित उनके प्रशंसकों-अनुयायियों में शोक की लहर दौड़ गई है. (नीचे भी पढ़ें)
बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध महेश चंद्र शर्मा जनसंघ काल से ही भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे एवं पूर्वी सिंहभूम भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सहित पार्टी के विभिन्न पदों पर भी कार्य किया. भारतीय जनता पार्टी के राज्य से लेकर केंद्रीय स्तर तक के नेताओं से उनका सीधा संपर्क रहा. वे जमशेदपुर के पूर्व सांसद महाभारत सीरियल के कृष्ण नीतीश भारद्वाज एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा सहित जिले के कई नेताओं के चुनाव प्रभारी का दायित्व भी संभालते रहे. संघ एवं भाजपा के केंद्रीय स्तर के नेताओं का भी उनके जुगसलाई आवास पर आना-जाना रहा. वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों से पूर्व वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दिल्ली से श्री शर्मा से स्वयं फोन कर पार्टी संगठन को मजबूती प्रदान करने का आग्रह किया था. जिला भारतीय जनता पार्टी में वे हमेशा महत्वपूर्ण पदों पर रहे. (नीचे भी पढ़ें)
श्र शर्मा ने जुगसलाई के प्रतिष्ठित एवं अपने पिता स्व पन्नालाल शर्मा द्वारा स्थापित पन्ना गुरुजी स्कूल का लगभग आधी सदी तक सफल संचालन किया. श्री शर्मा जुगसलाई के एक बड़े वर्ग के शिक्षा गुरु रहे और उनके कुशल निर्देशन में स्कूल ने नई ऊंचाइयां हासिल कीं. श्री शर्मा अपने पीछे दो बेटों एवं पोते-पोतियों का भरा-पूरा संसार छोड़ गए हैं.







