
जमशेदपुर : भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय बस्ती विकास समिति के संस्थापक अध्यक्ष रहे जयनारायण सिंह का सोमवार को टाटा मुख्य अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. वे काफी दिनों से अस्पताल में इलाजरत थे और उनकी हालत दिन प्रतिदिन खराब होती चली गयी. वे करीब 75 साल के थे. वे अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गये है. जयनारायण सिंह ही ऐसे शख्स थे, जिन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की राजनीतिक मंच तैयार करने में अहम भूमिका निभायी थी और 86 बस्ती के आंदोलन को गति दे दी थी. (नीचे भी पढ़ें)

बस्तियों और पार्टी में उनकी अलग पहचान थी. मालिकाना हक के आंदोलन को जन जन तक पहुंचाने, बस्तियों में मीटिंग करना से लेकर हर तरह के राजनीतिक मंच को वे तैयार करते थे. पूर्व विधायक दीनानाथ पांडेय का टिकट काटकर भाजपा ने जब रघुवर दास को जमशेदपुर पूर्वी का विधायक बनाया था, तब जयनारायण सिंह ही उनके साथी रहे थे और उनका राजनीतिक कद बढ़ाने में अहम भूमिका निभाये थे. बाद में जयनारायण सिंह की जगह रामबाबू तिवारी को केंद्रीय बस्ती विकास समिति के अध्यक्ष बना दिये गये थे. (नीचे भी पढ़ें)

उसके बाद से जयनारायण सिंह के साथ रघुवर दास की दूरी होने की खबरें आयी थी. हालांकि, दोनों नेताओं ने इससे इनकार किया था. इसके बाद से वे राजनीतिक जीवन में कभी भी सक्रिय नहीं रहे. वे जनसंघ काल के नेता रहे है. जयनारायण सिंह अपने पीछे दो बेटा छोड़ गये है. एक बेटा टेल्को हिल टॉप स्कूल के टीचर है जबकि एक बेटा टाटा मोटर्स में काम करते है. उनकी एक बेटी भी है. उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शोक जताया है. भाजपा नेता और खादी बोर्ड के पूर्व सदस्य कुलवंत सिंह बंटी ने भी शोक जताया है. (नीचे भी पढ़ें)
भाजपा के वरिष्ठ नेता जयनारायण सिंह के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जताया गहरा शोक, कहा- जयनारायण सिंह की कमी हमेशा खलेगी- बस्ती विकास समिति के प्रथम केंद्रीय अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता जयनारायण सिंह के निधन से पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास काफी मर्माहत हैं. श्री सिंह के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए श्री दास ने कहा कि वे एक मृदुभाषी एवं मिलनसार व्यक्ति थे. उन्होंने टेल्को मजदूर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी. उनके द्वारा किये गये मजदूर हित एवं सामाजिक कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता है. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जयनारायण सिंह का स्मरण करते हुए कहा है कि मृत्यु पर आदमी का वश नहीं चलता है, हानि-लाभ जीवन-मरण, यश-अपयश ऊपर वाले के हाथ में है. श्री दास ने जयनारायण सिंह के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि दु:ख की इस घड़ी में वे उनके साथ है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान श्री सिंह के निधन से मर्माहत परिजनों को दु:ख सहने की शक्ति दें.




