
जमशेदपुर : जमशेदपुर में बोनस समझौता की शुरुआत हो गई. जमशेदपुर में इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने बाजी मार ली.
शनिवार को मेहरबाई टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल (एमटीएमएच यानी कैंसर अस्पताल) प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच बोनस को लेकर समझौता हुआ. इस समझौते के तहत अस्पताल के कर्मचारियों को 2019-2020 के लिए त्योहारी सीजन में मिलने वाला बोनस दिया जाएगा. इसके लिए अस्पताल प्रबंधन अपने कर्मचारियों को उनके वेतन का 19% बोनस का भुगतान करेगा. कुल 97 कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा जबकि पिछले साल 95 कर्मचारियों को इसका लाभ मिला था. इसके लिए अस्पताल प्रबंधन कर्मचारियों को साल 2018-19 के लिए 63,18,486 का भुगतान किया था तो इस साल वर्ष 2019-20 के लिए 69,56,849 रुपए का भुगतान करेगी. समझौता पत्र में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अस्पताल कि डायरेक्टर डॉ सुजाता मित्रा, अस्पताल के हेड एडमिन बी पी सिंह, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर अमिताभ चटर्जी ने हस्ताक्षर किए जबकि यूनियन की ओर से प्रेसिडेंट राकेश्वर पांडेय, जनरल सेक्रेटरी बी के डिंडा, सेक्रेटरी पी गीनेश्वर राव ने हस्ताक्षर किए. बोनस के रुपए कर्मचारियों के खाते में सितंबर के तीसरे सप्ताह में डाल दिए जाएंगे.






