जमशेदपुर: जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में कपाली ओपी पुलिस ने तमोलिया इलाके में छापेमारी कर ब्राउन शुगर की बिक्री और तस्करी के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से 58 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद करने के साथ ही दो बाइक भी जब्त की हैं. पुलिस के अनुसार तमोलिया इलाके में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री को लेकर लगातार सूचनाएं मिल रही थीं. इसके बाद कपाली ओपी की टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया. इसी दौरान दो अलग-अलग बाइकों पर सवार युवकों को रोककर जांच की गई. तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर की 58 पुड़िया मिलीं. गिरफ्तार युवकों में नीमडीह थाना क्षेत्र के केंदीडीह निवासी आकाश महतो (19), चौका थाना क्षेत्र के सिंघाती निवासी शिबू गोराई (20) तथा जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र की ग्वाला बस्ती निवासी सुमित कुमार यादव (19) और राहुल यादव (20) शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, आकाश महतो तमोलिया में किराये के मकान में रह रहा था, जबकि शिबू गोराई जमशेदपुर के कल्याण नगर में किराये पर रहता था. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक (जेएच05डीयू-3730) और काले रंग की बजाज पल्सर 220 (जेएच05इसी-1865) भी जब्त की. पुलिस को आशंका है कि इन वाहनों का इस्तेमाल नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए किया जा रहा था. (नीचे भी पढ़ें)

कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में आकाश महतो और शिबू गोराई का पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जाना सामने आया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं. ओपी प्रभारी ने कहा कि तमोलिया और आसपास के इलाकों में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें. कार्रवाई करने वाली टीम में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, सब इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी, टाइगर जवान विपुल कुमार तिवारी, मोहम्मद दस्तगीर आलम सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.




