जमशेदपुर : बर्मामाइंस बीपीएम जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की होनहार छात्रा मिलन सिंह ने झारखंड राज्य एसजीएफआइ तीरंदाजी चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं पूर्वी सिंहभूम जिले का नाम रौशन किया है. मिलन सिंह ने अंडर-19 कंपाउंड बालिका वर्ग में 675 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया तथा आगामी स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआइ) की राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह सुनिश्चित कर ली. (नीचे भी पढ़ें)
मिलन की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का वातावरण है. यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है. विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य रंजीता गांधी ने मिलन सिंह को बधाई देते हुए कहा, “हमारे लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि हमारे विद्यालय की छात्रा राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने जा रही है. हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से उत्कृष्ट बनाना नहीं, बल्कि खेल, कला, कौशल एवं जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना भी है. मिलन की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी.” (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि विद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा उनकी प्रतिभाओं को पहचानकर प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है. विद्यालय के शिक्षकों एवं समस्त विद्यालय परिवार ने मिलन सिंह को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा झारखंड और विद्यालय का गौरव बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं. मिलन सिंह की यह उपलब्धि सरकारी विद्यालयों में विकसित हो रही खेल प्रतिभाओं और उत्कृष्टता की नई संभावनाओं का प्रेरणादायक उदाहरण है.




