जमशेदपुर: दुर्गा पूजा और दीपावली पर्व को लेकर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान टेल्को थाना पुलिस ने चोरी की तीन मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इस मामले में पुलिस ने तीन किशोरों को पकड़ा है. पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिलें सरायकेला-खरसावां जिले से चोरी की गई थीं और वहां भी इनकी चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 8 अक्टूबर की रात टेल्को थाना पुलिस ने सूरज पेट्रोल पंप के पास जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल चला रहे एक किशोर को पकड़ा गया. (नीचे भी पढ़ें)
उसके पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया. पूछताछ में किशोर ने पुलिस को बताया कि उसने उक्त मोटरसाइकिल गदरा, परसुडीह से छह हजार रुपये में खरीदी थी. उसने यह भी जानकारी दी कि मोटरसाइकिल बेचने वाले के पास अन्य बाइक भी हैं. इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए किशोर की निशानदेही पर परसुडीह थाना क्षेत्र में छापेमारी की. वहां से दो और मोटरसाइकिल तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
मौके से दो अन्य किशोरों को भी पकड़ा गया. पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए तीनों किशोर बरामद मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. पूछताछ में उन्होंने तीनों मोटरसाइकिल सरायकेला-खरसावां जिले से चोरी करने की बात बताई. फिलहाल तीनों किशोर को पकड़कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है.




