जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बर्मामाइंस सहित शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य का 175 पुड़िया (कुल 26.84 ग्राम) ब्राउन शुगर के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
एसएसपी पीयूष पांडेय ने रविवार को पत्रकारों को उक्त जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शनिवार, 9 मई की शाम 7 बजे के करीब उन्हें गुप्त रूप से सूचना मिली थी कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के गांधीनगर बस्ती में संतोष सिंह नामक व्यक्ति कपाली इलाके से ब्राउन शुगर की बड़ी खेप खरीद कर लाया है. इस सूचना के आधार पर उनके द्वारा नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय 1) के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के गांधीनगर बस्ती स्थित संतोष सिंह के घर पर छापामारी की. छापामारी के दौरान उसके घर से ब्राउन शुगर की कुल 124 पुड़ियां बरामद हुईं. पुलिस टीम ने इसके साथ ही संतोष सिंह को उसकी दूसरी पत्नी, आयशा खातून उर्फ बिल्लो के साथ गिरफ्तार भी कर लिया. इसके पश्चात पुलिस टीम ने ब्राउन शुगर के सप्लाइ चेन पर काम करते हुए गोविंदपुर से गौरव कुमार उर्फ अमर एवं अमित कुमार को 39 पुड़ियों के साथ गिरफ्तार किया. इसके साथ ही पुलिस ने मानगो के मुख्य पेडलर संजय गोस्वामी उर्फ संजय बंगाली को भी 12 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ धर दबोचा. इनके पास से पुलिस ने कुल 175 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ ही 4 मोबाइल फोन भी जब्त किये हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें इसी सप्ताह कुछ दिन पूर्व सरायकेला जिलांतर्गत कपाली से करीब 16.5 लाख रुपये मूल्य का ब्राउन शुगर बरामद किया गया था. इस कांड में गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में पता चला कि इन सारे आरोपियों के तार भी उसी सिंडिकेट से जुड़े हैं. उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार किये गए आरोपियों से पूछताछ में यह भी पता चला कि इनमें से कई पहले भी ब्राउन शुगर के कारोबार को लेकर जेल जा चुके हैं और सभी अब अंतरजिला स्तर पर संगठित रूप में बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर का कारोबार कर रहे थे. इस कार्रवाई से जमशेजदपुर जिले के कई थाना क्षेत्रों में फैला बड़ा नेटवर्क ध्वस्त हो गया है.








