जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर पांच दिन पूर्व हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसे एक नाबालिग की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी. नाबालिग का इलाज एमजीएम अस्पताल के बर्न वार्ड में चल रहा था, जहां उसने अंतिम सांस ली. अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर टाटानगर रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के संबंध में बताया जाता है कि करीब पांच दिन पहले नाबालिग प्लेटफार्म नंबर तीन पर खड़ी एक मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया था. इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन ओवरहेड बिजली तार की चपेट में आ गया. तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया था. घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गयी थी. स्थानीय लोगों और रेल कर्मचारियों की मदद से उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
अस्पताल सूत्रों के अनुसार नाबालिग का शरीर काफी अधिक प्रतिशत तक जल चुका था. डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही. सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. इधर, टाटानगर रेल पुलिस मामले की कागजी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है. पुलिस मृतक की पहचान सुनिश्चित करने और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास कर रही है. घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.






