जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सर्जरी विभाग ने जटिल अपेंडिक्स एब्सेस से पीड़ित 26 वर्षीय युवक की सफल सर्जरी कर एक बड़ी चिकित्सकीय उपलब्धि हासिल की है. मरीज तीव्र अपेंडिसाइटिस के साथ अपेंडिकुलर एब्सेस से पीड़ित था और गंभीर पेट दर्द व संक्रमण की स्थिति में अस्पताल पहुंचा था. सिमडेगा निवासी मरीज जमशेदपुर में रहकर नौकरी करता है. उसे 1 सितंबर को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. चिकित्सकों की टीम ने तत्परता से मरीज की जांच कर आवश्यक उपचार शुरू किया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 2 सितंबर को मरीज की सफल ओपन अपेंडिसेक्टॉमी की गई. सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
ऑपरेशन का नेतृत्व डॉ सरवर आलम ने किया. उनके साथ डॉ रिषभ ने सहायक चिकित्सक की भूमिका निभाई. निश्चेतना विशेषज्ञ के रूप में डॉ अमृता ने जिम्मेदारी संभाली, जबकि ओटी स्टाफ में मनोरंजनी मिंज शामिल रहीं. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सर्जरी विभाग मरीजों को बेहतर और समय पर चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है. सफल सर्जरी के बाद मरीज और उसके परिजनों ने चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार जताया है.




