जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के जिलिंगडुंगरी के समीप गुरुवार की रात सड़क दुर्घटना में घायल एक मोपेड सवार युवक की एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई. मृतक की पहचान पोखरिया गांव निवासी रंजीत महतो (35) के रूप में हुई है. पुलिस इसे सड़क दुर्घटना का मामला बता रही है, जबकि परिजनों ने दुर्घटना के बाद मारपीट से मौत होने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस के अनुसार, मोपेड से गिरने के कारण रंजीत महतो घायल हो गया था. उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. हालांकि, परिजनों का आरोप है कि सड़क किनारे मौजूद लोगों ने रंजीत के साथ मारपीट की थी, जिसके कारण उसकी मौत हुई. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक के चचेरे भाई संजीत महतो ने बताया कि रंजीत गुरुवार दोपहर सब्जी बेचने के लिए भादूडीह हाट गया था. शाम को वह अपनी टीवीएस एक्सएल मोपेड से अकेले घर लौट रहा था. इसी दौरान बेलटांड़-रघुनाथपुर मुख्य सड़क पर जिलिंगडुंगरी और डिमूडीह के बीच उसके घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना रात करीब नौ बजे मिली.
सूचना मिलने पर संजीत एक अन्य युवक के साथ करीब साढ़े नौ बजे घटनास्थल पर पहुंचा. संजीत के अनुसार, वहां पहले से कुछ लोग मौजूद थे और उनके पास रंजीत की मोपेड थी. मौजूद लोगों का कहना था कि रंजीत की मोपेड से उन्हें दुर्घटना में चोट लगी है और इलाज का खर्च मिलने तक वे वाहन नहीं देंगे.
इसके बाद संजीत घायल रंजीत को अपनी बाइक से घर ले गया. बाद में गांव की एक कार से उसे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. शव को घर लाने के बाद चौकीदार के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। रात करीब तीन बजे बोड़ाम पुलिस गांव पहुंची और मामले की जानकारी ली. शुक्रवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया.
संजीत महतो का आरोप है कि सड़क किनारे शराब पी रहे तीन लोगों में से एक व्यक्ति को रंजीत की मोपेड से चोट लग गई थी. इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने रंजीत के साथ जमकर मारपीट की. परिजनों का दावा है कि दुर्घटना के बाद हुई पिटाई के कारण ही उसकी मौत हुई है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. रंजीत महतो परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा, एक बेटी और माता-पिता हैं. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद देर शाम परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया. पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत होने की सूचना मिली है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल बोड़ाम पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है.




