
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के अंतर्गत आने वाले हाता चौक से चाईबासा जाने वाले रास्ते राजनगर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर के समीप पर बीती रात 10 बजे एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी. सभी मृतक जमशेदपुर के बिरसानगर के जोन नंबर 5 और 6 के रहने वाले थे.

मृतकों में राहुल कुमार उम्र 33 वर्ष और उसकी मां उषा देवी उम्र 55 वर्ष तथा मृतक राहुल की फुआ प्यारी देवी 65 वर्ष शामिल है. सोमवार की देर रात की यह घटना है. मारुति डिजायर कार संख्या जेएच05सीएच-3494 में सवार होकर बिरसानगर जोन नंबर 5 व 6 के रहने वाले राहुल कुमार अपने परिवार के साथ एक समारोह में शामिल होकर चाईबासा से जमशेदपुर लौट रहे थे. राजनगर के रघुनाथपुर के पास पहले से ही एक ट्रेलर संख्या एनएल01जी-2055 सड़क के किनारे खड़ी थी. खड़ी ट्रेलर में कार चालक ने कार को घुसा दी, जिससे घटनास्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर है, जिसका इलाज टीएमएच में चल रहा है.

घटना की सूचना पाकर लोगों की भीड़ लग गयी. किसी तरह शवों को बाहर निकाला गया और पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सारे लोगों को मृत घोषित कर दिया. एक की हालत गंभीर है, जिसको इलाज के लिए टीएमएच रेफर किया गया.



