
जमशेदपुर: आस्था के महापर्व छठ को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित नदी एवं तालाब छठ घाटों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है. सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को 10 नवंबर को दोपहर 1 बजे से देर शाम तक और 11 नवंबर तड़के तीन बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रतिनियुक्त रहने का आदेश दिया गया है. (नीचे भी पढ़े)
इस संबंध में उपायुक्त और एसएसपी ने संयुक्त आदेश जारी किया है. विधि व्यवस्था के दृष्टिकोण से जमशेदपुर को 13 जोन में बांटा गया है. सभी जोन में जोनल दंडाधिकारी और इंस्पेक्टर रैंक के पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है. वरीय प्रशासनिक अधिकारियों और डीएसपी को सुपर जोनल दंडाधिकारी के रुप में प्रतिनियुक्त रहने का आदेश दिया गया है. जिला प्रशासन की ओर से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नदी एवं तालाबों में कुल 47 छठ घाट चिन्हित किए गए हैं. वहां दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. सभी थाना प्रभारियों को गश्ती करते हुए घाटों और भीड़ पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है.













