जमशेदपुर : आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर सिदगोड़ा पूरी तरह तैयार है. श्री विशेश्वर खां सार्वजनिक छठ घाट, सिदगोड़ा में टैंकर के माध्यम से घाट में पानी भराया जा रहा है और कमेटी द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस अवसर पर श्री विशेश्वर खां सार्वजनिक छठ घाट कमेटी के मुख्य संरक्षक पंडित विजय खा उपस्थित रहे. उनके मार्गदर्शन में कमेटी के सदस्यों ने घाट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अंतिम रूप दिया. वर्ष 2011 से इस घाट पर छठ पूजा का आयोजन हो रहा है. यहां करीब 200 परिवार हर वर्ष पूरे विधि-विधान के साथ छठ महापर्व मनाते हैं. कमेटी द्वारा हर वर्ष श्रद्धालुओं और व्रतियों के लिए सभी प्रकार की व्यवस्था की जाती है, इस वर्ष भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
घाट पर की गई प्रमुख व्यवस्थाएं : घाट की पूरी सफाई और सुंदर सजावट, प्रकाश की समुचित व्यवस्था, सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था, स्वयंसेवकों की तैनाती, व्रतियों के बैठने और अर्घ्य देने के लिए समुचित स्थान, संध्या और उषा अर्घ्य के लिए दूध और चाय की व्यवस्था, सुबह के अर्घ्य के बाद महाभोग एवं प्रसाद वितरण, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, महिला व्रतियों के लिए वस्त्र बदलने की अलग व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था और छठ गीतों के लिए साउंड सिस्टम की व्यवस्था की गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान कमेटी के सदस्य अशोक राय, राकेश पांडे, विशाल खां, सौरभ झा, अंकित राय, विवेक राज, अमन राय, रमेश पांडे, शिव चौबे सहित अन्य कमेटी सदस्य उपस्थित रहे. मुख्य संरक्षक पंडित विजय खां ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, अनुशासन और स्वच्छता का पर्व है. कमेटी का प्रयास है कि हर व्रती को घाट पर किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में अर्घ्य दे सकें. कमेटी ने सभी भक्तों से घाट पर पहुंचकर व्यवस्था बनाए रखने और स्वच्छता का ध्यान रखने का आग्रह किया है.












