जमशेदपुर:जमशेदपुर की बहुप्रतिक्षित लीज नवीनीकरण प्रक्रिया इस बार केवल एक क़ानूनी या प्रशासनिक औपचारिकता नहीं होगी, बल्कि यह शहर के लाखों नागरिकों के भविष्य से जुड़ा हुआ एक निर्णायक मुद्दा है. कांग्रेस स्पष्ट करना चाहती है कि टाटा स्टील को इस लीज़ नवीनीकरण में केवल भूमि और उद्योग से जुड़े हितों को ही नहीं, बल्कि स्थानीय जनता की मूलभूत आवश्यकताओं एवं अधिकारों को भी केंद्र में रखना होगा.कांग्रेस पार्टी की मुख्य मांगें, युवाओं के लिए रोज़गार की गारंटी, लीज़ नवीनीकरण की शर्तों में यह सुनिश्चित किया जाए कि जमशेदपुर और आसपास के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के साथ रोज़गार दिया जाएगा. शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं, कंपनी को आधुनिक स्कूल, कॉलेज, टेक्निकल संस्थान और स्वास्थ्य केंद्रों का विस्तार कर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ सुनिश्चित करनी होंगी.नागरिक सुविधाएं सड़क, पानी, बिजली, सफ़ाई व्यवस्था, पार्क और खेल सुविधाओं का विकास कंपनी की सामाजिक ज़िम्मेदारी के अंतर्गत अनिवार्य किया जाए.(नीचे भी पढे)
स्थानीय हितों की रक्षा: विस्थापन, पर्यावरण प्रदूषण और जन-जीवन से जुड़े अन्य मुद्दों पर स्पष्ट नीति और ठोस कदम उठाए जाएं.टाटा स्टील ने पिछले कई दशकों से यहाँ की ज़मीन और संसाधनों का उपयोग किया है, अब समय आ गया है कि कंपनी स्थानीय जनता को उसका वाजिब हक़ दे. यदि इन मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो कांग्रेस पार्टी शांतिपूर्ण किंतु मज़बूत आंदोलन शुरू करेगी, आवश्यकता पड़ने पर कांग्रेस पार्टी हुड़का जाम जैसे बड़े जन-आंदोलन की रणनीति पर भी आगे बढ़ेगी. यह सिर्फ़ एक राजनीतिक आंदोलन नहीं होगा, बल्कि जनहित की लड़ाई होगी, जिसमें हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.कांग्रेस पार्टी जन-जन तक यह संदेश पहुंचा रही है कि अब लीज़ नवीनीकरण में जनता की भागीदारी और जन-हितैषी शर्तें अनिवार्य की जाएं,अन्यथा आंदोलन ही अंतिम रास्ता होगा.











