जमशेदपुर : आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) कांग्रेस मुख्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की. बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पंचायत चुनाव प्रभारी चंदन सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे. बैठक में प्रखंड अध्यक्षों, जिला उपाध्यक्षों, प्रखंड संगठन प्रभारियों, विधानसभा प्रभारियों सहित जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करना, पंचायत स्तर पर कांग्रेस संगठन की सक्रियता बढ़ाना, समर्पित एवं जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की पहचान करना तथा चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना रहा. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले की प्रत्येक पंचायत में पांच सदस्यीय पंचायत प्रचार समिति का गठन किया जाएगा. इसके साथ ही सभी प्रखंड अध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि वे अगले 20 दिनों के भीतर अपने-अपने प्रखंडों में पार्टी के समर्पित, सक्रिय एवं जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर जिला कांग्रेस कमेटी को सौंपें. इस सूची के आधार पर पंचायत स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जाएगा, ताकि चुनावी तैयारियों को योजनाबद्ध एवं प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा सके. बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव ग्रामीण लोकतंत्र की बुनियाद है. इसमें बेहतर प्रदर्शन के लिए कांग्रेस संगठन को गांव, पंचायत और प्रखंड स्तर तक मजबूत बनाना आवश्यक है. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन की मजबूती के लिए एकजुटता के साथ काम करने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पंचायत चुनाव प्रभारी चंदन सिंह ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि आगामी पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस को अभी से जमीनी स्तर पर सक्रिय होना होगा. प्रत्येक पंचायत में समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम तैयार कर संगठन को मजबूत बनाना और चुनावी रणनीति को गांव-गांव तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए. बैठक में जिले के प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री शशि भूषण राय, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार बलमुचू, जिला उपाध्यक्ष (संगठन) संजय सिंह आजाद सहित जिले के अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकिशोर यादव, खगेनचन्द्र महतो, आशुतोष सिंह, राकेश साहू, ज्योति मिश्र, अरूण सिंह, राजकिशोर प्रसाद एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे. बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, पंचायत स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आगामी पंचायत चुनाव में पार्टी की प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराने के संकल्प के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा की गई. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में प्रखण्ड अध्यक्ष आशीष ठाकुर, शिशुलाल महतो, डॉ मनोज कुमार महतो, शमशेर खान, रंजीत सिंह, सुशील कुमार तिवारी, विक्की सिंह, बिजय पाण्डेय, राजेश कुमार, सुनील झा, मण्डल अध्यक्ष रूबी ठाकुर, मुन्ना मिश्रा, विनोद यादव, सकील अनवर, अनिरुद्ध कुमार, सरत चन्द्र महतो, सुधीर टुडू, प्रभारी में सुल्तान अहमद, रंजीत झा, रंजीत सिंह, पंकज कुमार, देवेन्द्र कुमार, नमिता सिंह, फरहत बेगम, सुशीला पाण्डेय, गीता सिंह सहित कांग्रेसजन शामिल हुए.















