गालूडीह : क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है. खेतों में तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है. कई ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के कारण खेतों में पानी जमा हो गया है, वहीं तेज हवा और बारिश से धान की फसल जमीन पर गिरने लगी है. इससे किसानों को भारी नुकसान की चिंता सता रही है. (नीचे भी पढ़ें)

किसानों का कहना है कि इस समय धान की फसल पककर तैयार हो रही है. कई किसानों ने कटाई की तैयारी भी शुरू कर दी थी, लेकिन मौसम में अचानक आए बदलाव और लगातार बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. खेतों में गिरी धान की बालियों के पानी में भीगने से दाने अंकुरित होने और फसल की गुणवत्ता खराब होने का खतरा है. इससे धान के उत्पादन और बाजार में मिलने वाली कीमत पर भी असर पड़ सकता है. किसानों के अनुसार, मौसम साफ नहीं होने से खेतों में काम करना भी मुश्किल हो गया है. धान की कटाई और फसल को सुरक्षित रखने में परेशानी हो रही है. किसानों ने मौसम साफ होने की उम्मीद जताई है. लगातार बारिश जारी रहने पर फसल को और अधिक नुकसान होने की आशंका है.















