जमशेदपुर : कांग्रेस के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है. शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति के खिलाफ काफी संख्या में कांग्रेसियों का दल कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू से मुलाकात की. इन लोगों ने मुलाकात कर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष की नियुक्ति में हुई गड़बड़ी की सारी जानकारी विस्तार से दी. शिकायत करने वालों में कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष बबलू झा, पूर्व जिला महासचिव अमित दुबे और पूर्व जिला सचिव अजितेश उज्जैन शामिल थे. विदित हो कि पिछले दिनों पूर्वी सिंहभूम जिला में नए जिलाध्यक्ष के पदभार ग्रहण करने के कार्यक्रम के साथ साथ ही शहर के दूसरे कोने मानगो गांधी घाट पर बबलू झा, अमित दुबे तथा अजितेश उज्जैन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों ने सत्याग्रह कर नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति में संगठन सृजन अभियान के तहत केंद्रीय पर्यवेक्षक की अंतिम सूची के अवहेलना करने का आरोप लगाया था. (नीचे भी पढ़ें)

यहीं नहीं बबलू झा ने सूची के सार्वजनिक नहीं किए जाने की स्थिति में आत्मदाह करने की प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को चेतावनी भी दी थी. इसी संदर्भ में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के बुलावे पर पूर्वी सिंहभूम की असंतुष्ट खेमें ने बबलू झा, अमित दुबे, अजितेश उज्जैन तथा अन्य कांग्रेसियों के नेतृत्व में प्रदेश प्रभारी के राजू से मुलाकात की. झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी इन दिनों झारखंड दौरे पर है. अपने झारखंड प्रवास के दौरान वे जिलाध्यक्ष की नियुक्ति से संबंधित तमाम नाराज़ लोगों से लगातार मुलाकात भी कर रहे हैं. बबलू झा ने मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश प्रभारी से हुई इस मुलाकात को बेहद सार्थक बताया. उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी उन सबों के अभिभावक स्वरूप है और उन्होंने पूरा वक्त देते हुए उनकी बातों एवं समस्या को गौर से सुना और आश्वासन दिया कि वे उनकी शिकायतों को आलाकमान तक पहुंचाएंगे और यकीन दिलाया कि इस मामले में जल्द से जल्द समाधान निकाला जाएगा.



