जमशेदपुर : झारखंड के क्रिकेटर एवं कोच निहाल सिंह तथा एंकर एवं शिक्षक राजन सिंह की ओर से बच्चों के ज्ञान वर्धन और मनोरंजन के उद्देश्य से गोलमुरी केबल क्लब में क्रिकेट क्विज का आयोजन किया गया. इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों के क्रिकेट ज्ञान और खेल कौशल को एक साथ विकसित करना था. इस प्रतियोगिता में कुल 80 युवा क्रिकेटरों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में सीडीसीए बाराद्वारी की टीम विजेता रही, जबकि रनर-अप एवं तीसरा स्थान एलाइट क्रिकेट विद निहाल की टीम ने हासिल किया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेएससीए स्कूल एवं क्लब प्रतिनिधि डी उमा राव रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और समर्पण के महत्व के बारे में बताया तथा उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया. आयोजक निहाल सिंह ने जेएससीए की प्रगति और सचिव सौरभ तिवारी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जिस प्रकार झारखंड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, वह गर्व की बात है. वहीं राजन सिंह ने सभी बच्चों को पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बनाए रखने के महत्व को समझाया और जीवन में दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी.







