
जमशेदपुर : बेहतर रोजगार और योग के जरिये परिवार का भविष्य संवारने वियतनाम गये झारखंड के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गयी. मृतकों में रांची के राजा कुमार और जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर निवासी विनय यादव शामिल हैं. दोनों वियतनाम में योग शिक्षक के रूप में काम कर रहे थे और करीब दो वर्षों से वहां योग सिखाकर अपने परिवार का सहारा बने हुए थे. जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को योग की कक्षा समाप्त करने के बाद राजा कुमार और विनय यादव स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान दोनों सड़क हादसे का शिकार हो गये. हादसे में राजा कुमार की उसी दिन मौत हो गयी, जबकि गंभीर रूप से घायल विनय यादव को अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान 26 सितंबर को विनय यादव ने भी दम तोड़ दिया. विनय यादव कदमा के शास्त्रीनगर के रहने वाले थे. करीब दो साल पहले वह योग शिक्षक के रूप में काम करने वियतनाम गये थे. परिवार के लिए अब सबसे बड़ी चिंता उनका शव जल्द भारत लाने और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने की है. (नीचे भी पढ़ें)
रिपोर्ट के अनुसार, विनय का शव भारत लाने में 10 लाख रुपये से अधिक खर्च आने का अनुमान है. वहीं, रांची के राजा कुमार ने करीब चार वर्षों तक योग का प्रशिक्षण लिया था. इसके बाद वह वियतनाम जाकर योग प्रशिक्षक के रूप में काम करने लगे. परिवार के अनुसार, राजा नियमित रूप से घर पैसे भेजते थे. विनय भी परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर करने के उद्देश्य से विदेश में काम कर रहे थे. दोनों युवकों ने योग को रोजगार का माध्यम बनाकर विदेश में अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की कोशिश की थी. लेकिन 25 सितंबर का सड़क हादसा दोनों परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द छोड़ गया. हादसे के बाद दोनों परिवार शवों को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं. राज्य के स्टेट माइग्रेंट वर्कर्स कंट्रोल रूम की प्रमुख शिखा लकड़ा ने बताया कि राजा कुमार के परिवार की ओर से शव भारत लाने के लिए करीब 14 लाख रुपये की व्यवस्था की गयी है. वहीं, विनय यादव के परिवार की ओर से अभी आवेदन मिलने का इंतजार है. प्रशासन की ओर से दोनों परिवारों की मदद के लिए भी प्रयास किये जा रहे हैं.




