जमशेदपुर : झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, पूर्वी सिंहभूम का एक प्रतिनिधिमंडल जिले के कतिपय शिक्षक समस्याओं के समाधान के लिए जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम से भेंट किया. कुछ प्रमुख शिक्षक समस्याएं रखी गयी, जिसके तहत माह जुलाई में जिले के शिक्षकों का वार्षिक वेतन वृद्धि देय है तथा इस समय जिले के सभी प्रखंडों में केवल एक ही प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी कार्यरत हैं. शिक्षकों की सुविधा के मद्देनजर सभी प्रखंडों में अलग-अलग तिथि को कैंप के माध्यम से वार्षिक वेतन वृद्धि देने की व्यवस्था की जाए ताकि सुदूरवर्ती दूरस्थ प्रखंडों के शिक्षकों को परेशानियों का सामना न करना पड़े. ग्रेड 4 पद पर प्रोन्नत कुछ शिक्षकों का वेतन निर्धारण पूर्व जिला शिक्षा अधीक्षक के बार-बार आश्वासन देने के बावजूद करीब एक साल बीत जाने के बाद भी मामला आज तक लंबित है. वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के दौरान 4 फरवरी 2026 को शबे ए बारात की अवकाश के दिन किए गए वीक्षण एवं अन्य परीक्षा संबंधी कार्य तथा 20 जून 2026 एवं 21 जून 2026 को 12वीं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर तृतीय शनिवार एवं रविवार अवकाश के दिन शिक्षकों के द्वारा किए गए कार्य के बदले विभाग के नियमानुसार क्षतिपूर्ति अवकाश देने की व्यवस्था की जाए. (नीचे भी पढ़ें)
नवनियुक्त सहायक आचार्य शिक्षकों की सेवा पुस्तिका विभिन्न प्रखंडों में कैंप लगाकर यथाशीघ्र खुलवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. उपर्युक्त समस्याओं को विस्तार पूर्वक चर्चा के बाद जिला शिक्षा अधीक्षक ने वार्षिक वेतन वृद्धि देने एवं नवनियुक्त सहायक आचार्य शिक्षकों का की सेवा पुस्तिका खोलने के लिए विभिन्न प्रखंडों में कैंप लगाने की तिथि यथाशीघ्र घोषित करने की बात कही. ग्रेड 4 पद पर प्रोन्नत कुछ शिक्षकों का वेतन निर्धारण एक साल के बाद भी आज तक लंबित है उसके बारे में कुछ दिन समझने के बाद कर देने की बात कही. जिला शिक्षा पदाधिकारी महोदया ने शीघ्र ही विभागीय नियमानुसार क्षतिपूर्ति अवकाश स्वीकृत करने को कही है. आज मिलने वाले में झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के तरफ से अरुण कुमार, राजेंद्र कुमार कर्ण, रमाकांत शुक्ला ,कृष्ण चंद्र दास ,बलराम प्रसाद ,पुलिंन कूईला, बबन ओझा, जयप्रकाश दुबे, राकेश कुमार, संतोष शर्मा, राजेश कुमार सिन्हा एवं राकेश ओझा सहित अन्य शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद थे.







