जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ अश्लील हरकत करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है. घटना के संबंध में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. आरोपियों में जाहिद अनवर, मुजीब अनवर उर्फ गब्बर और खालिद का नाम शामिल है. सभी आरोपी वादी के घर से कुछ ही दूरी पर रहते हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना 16 अगस्त की शाम करीब 7 बजे पर घटी. बताया गया कि आरोपी एकमत होकर वादी के घर में घुस गए. घर में घुसने के बाद उन्होंने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और महिला के साथ अश्लील हरकत की. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़िता के परिजनों ने तुरंत इसकी शिकायत मानगो थाना में दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वादी और आरोपियों के बीच पुराना विवाद चला आ रहा है. यह विवाद 18 अप्रैल से शुरू हुआ था और पिछले चार माह से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था. हालांकि विवाद का निपटारा नहीं हो सका, जिसका असर हालिया घटना में देखने को मिला. मानगो पुलिस ने वादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है. फिलहाल तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी और दोषियों को कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा.











