जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन ने जमशेदपुर के परसुडीह स्थित सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने ओपीडी, एक्स-रे, एनआइसीयू, पीआइसीयू, किचन एरिया, वेटिंग एरिया, वाशरूम, पंजीकरण काउंटर, डॉक्टरों के कक्ष एवं ऑपरेशन थिएटर का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी लेते हुए मरीजों को सुगम, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया. (नीचे भी पढ़े)

इमरजेंसी वार्ड में मरीजों की अधिक भीड़ एवं पंजीकरण में हो रही असुविधा को देखते हुए उपायुक्त ने सिविल सर्जन को अतिरिक्त पंजीकरण काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए. साथ ही भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उनके इलाज, सुविधा एवं स्टाफ के व्यवहार को लेकर फीडबैक भी लिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि इमरजेंसी सेवाएं अत्यंत संवेदनशील होती हैं, अतः यहां किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ब्लड बैंक की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए रक्त की उपलब्धता एवं सप्लाई सिस्टम को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए. (नीचे भी पढ़े)

इसके अतिरिक्त अस्पताल कैंटीन का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा. उपायुक्त ने अस्पताल की समग्र व्यवस्था को संतोषजनक बताया, किन्तु कुछ आवश्यक सुधारों की जरूरत भी जताई. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, उन्होंने चिन्हित कमियों को शीघ्र दूर किए जाने के निर्देश दिए.







