जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में कल्याण विभाग एवं समेकित जनजातीय विकास अभिकरण (आईटीडीए) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विशेष रूप से पीएम जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्रामीण उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई. समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, बहुद्देशीय भवन, सड़क संपर्क पथ, छात्रावास निर्माण, ग्रामीण आवास, नल-जल आपूर्ति, विद्युतीकरण, मत्स्य विभाग की लाभुक आधारित योजनाएं तथा अन्य विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति एवं छात्रवृत्ति, बिरसा आवास तथा साइकिल वितरण पर चर्चा की गई. आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण की समीक्षा में जानकारी दी गई कि पिछले एक माह में पांच केन्द्रों का निर्माण पूर्ण हो गया है, उपायुक्त द्वारा कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया कि शीघ्र हैंडओवर की प्रक्रिया पूर्ण कराएं तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को जल्द नए भवनों में शिफ्टिंग कार्य करने का निदेश दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पीएम जनमन के तहत स्वीकृत आवास निर्माण कार्य की समीक्षा में गत बैठक के बाद 20 आवास का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया, तीसरे किश्त की राशि देने के बावजूद 97 आवास का निर्माण शेष है, सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को एस माह में 50 फीसदी आवास निर्माण कार्य पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया. बैठक में कल्याण विभाग एवं आईटीडीए के माध्यम से संचालित छात्र कल्याण योजनाओं की भी समीक्षा की गई. इस दौरान प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, चिकित्सीय सहायता, बिरसा आवास योजना आदि में प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. उपायुक्त द्वारा अगले एक सप्ताह में प्री-मैट्रिक की छात्रवृत्ति राशि लाभुकों को डीबीटी किए जाने तथा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए सभी योग्य छात्र-छात्राओं से आवेदन सृजित करने का निर्देश दिया गया. पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु 31.10.2026 तक आवेदन करने की तिथि में विस्तार दिया गया है. सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को सख्त निर्देश दिया गया कि एक सप्ताह में सीएमईजीपी के तहत लोन लेने वाले लाभुकों का सत्यापन करते हुए किश्त की राशि जमा कराएं, सत्यापन करने में अनावश्यक विलंब होने पर वेतन अवरूद्ध करने की सख्त चेतावनी दी गई. वहीं स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को इस माह कम से कम 100-100 आवेदन सृजित करने का निदेश दिया गया. साथ ही साइकिल वितरण कार्य अगले सप्ताह से शुरू कराने का निदेश जिला कल्याण पदाधिकारी को दिया गया. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, विभिन्न तकनीकी विभागों के अभियंता तथा अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.







