जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार (डीसी ऑफिस) में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में नगर निकायों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई. बैठक में नगर निकायों द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजलापूर्ति, शहरी आधारभूत संरचना एवं नागरिक सुविधाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा के दौरान उप नगर आयुक्त, जेएनएसी ने बताया कि संपर्क पथ निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा दो ब्लॉक का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसमें 644 लाभुकों को शिफ्ट किया जाना है. अब तक 192 लोगों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। उपायुक्त ने नाली निर्माण कार्य को 31 मई तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने तथा शेष लाभुकों को भी शीघ्र बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
शहर के विभिन्न बस स्टॉप की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को बस स्टॉप चिन्हित कर आवश्यकतानुसार मरम्मती कार्य कराने का निर्देश दिया, ताकि भीषण गर्मी के दौरान राहगीरों एवं यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. साथ ही सैरात बाजारों के रेट फिक्सेशन की प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए. बैठक में पेयजल व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई. विशेष रूप से मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजलापूर्ति की स्थिति पर चर्चा करते हुए बताया गया कि कुल 22 ड्राई जोन चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 12 क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से पेयजलापूर्ति की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने एमजीएम अस्पताल में भी निर्बाध पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही सभी नगर निकायों को साफ-सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कचरा निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया. शहरी बेघरों के लिए संचालित शेल्टर होम की समीक्षा में उपायुक्त ने उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी शेल्टर होम में पेयजल की समस्या नहीं रहनी चाहिए. साथ ही निर्बाध बिजली आपूर्ति, पंखों की मरम्मती एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में स्ट्रीट डॉग प्रबंधन एवं डॉग शेल्टर होम संचालन की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी नगर निकायों में डॉग शेल्टर हेतु स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए. बताया गया कि जेएनएसी क्षेत्र में डॉग शेल्टर संचालित किया जा रहा है। अन्य नगर निकायों में भी शीघ्र स्थल चयन कर डॉग शेल्टर प्रारंभ करने तथा स्ट्रीट डॉग के वैक्सीनेशन अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अतिरिक्त नगर निकायों में स्ट्रीट लाइट की कार्यशीलता, सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई, नाला सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं वर्षा पूर्व तैयारियों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. बैठक में अपर नगर आयुक्त जेएनएसी समेत अन्य सभी नगर निकायों के सभी सहायक नगर आयुक्त, विशेष पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, सीएमएम, अभियंता व अन्य संबंधित उपस्थित रहे.







