बहरागोड़ा : रविवार शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में भारी तबाही मचाई. कई गांवों में कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए, पेड़ उखड़कर गिर पड़े और विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई. बहरागोड़ा के प्रसिद्ध चित्रेश्वर शिव मंदिर परिसर में कई दुकानें, गुमटी एवं टाली घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. तेज हवा के कारण कई गुमटियां दूर जा गिरीं, जिससे दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. मिली जानकारी के अनुसार चित्रेश्वर गांव निवासी स्वपन घोष के अकासिया एवं सागवान ks 12 पेड़ टूटकर क्षतिग्रस्त हो गए. वहीं पचांडो एवं आसपास के कई गांवों में भी कई घरों को नुकसान पहुंचा है. जानकारी पाकर बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती ने सोमवार दोपहर सीओ राजाराम मुंडा एवं अपनी टीम के साथ बहुलिया पंचायत के तूफान प्रभावित गांवों का दौरा किया. उन्होंने पचांडो गांव में अणिमा देहुरी, पार्वती दलाई, अशोक दलाई, तुलसी कर्मकार, भूषण देहुरी, वरुण साहू, गौर दलाई और बनाबुड़ा गांव में वीरेंद्र नायक के क्षतिग्रस्त घरों का निरीक्षण किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान विधायक ने प्रभावित परिवारों को तिरपाल एवं आर्थिक सहायता प्रदान की. उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त घरों और नष्ट हुई फसलों का आकलन कर प्रभावित लोगों को जल्द ही मुआवजा दिलाया जाएगा. विधायक ने कहा कि तेज हवा और भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं और बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हुए हैं. उन्होंने सीओ से क्षति का शीघ्र आकलन कर प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा. मौके पर प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, उप प्रमुख मुन्ना होता, अशोक कुमार, कृष्ण रंजन साहू, कान्हू बेरा, बुद्धदेव साहू, जदुपति राणा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.







