जमशेदपुर : डुमरिया प्रखंड के दंपाबेड़ा निवासी टुना सबर व उसकी पत्नी सोमी सबर को सोमवार की रात इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. डीसी विजया जाधव भी देर रात दोनों को देखने सदर अस्पताल पहुंचीं. इस दौरान सिविल सर्जन डॉ जुझार मांझी भी मौजूद थे. (नीचे भी पढ़ें)

डीसी ने अस्पताल के चिकित्सकों से संबर दंपति के स्वास्थ्य की जानकारी ली. उन्होंने मौके पर मौजूद सिविल सर्जन एवं अन्य चिकित्सकों को टुना सबर के चर्म रोग के बेहतर इलाज एवं अन्य सभी स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करते हुए बेहतर निगरानी का निर्देश दिया. डीसी के निर्देश के बाद सबर दंपति का अस्पताल के पेइंग वार्ड में रखकर बेहतर इलाज किया जा रहा है. फिलहाल टुना सबर को ऑक्सीजन दिया जा रहा है तथा एनएस एवं बी कॉम्प्लेक्स के साथ ब्लड चढ़ाया जा रहा है. मीडिया में लगातार खबरें आने के बाद डीसी ने इसका संज्ञान लिया. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि रविवार को सबर दंपति की बीमारी एवं माली हालत से जुड़ी खबरें लगातार मीडिया में आने के बाद उपायुक्त ने मौके पर डुमरिया प्रखंड की एक टीम को दम्पाबेड़ा भेजा, जिसमें चिकित्सक भी शामिल थे. चिकित्सकों ने वहां प्रारम्भिक जांच के बाद उन्हें डुमरिया सीएचसी लाने का निर्णय लिया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सदर अस्पताल भेज दिया गया. डीसी ने उम्मीद जतायी कि टुना सबर जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौट जायेंगे. उन्होंने चिकित्सकों को सबर दंपति का बेहतर इलाज करने एवं दोनों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया.




