जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद् प्रशासन ने मंगलवार को नगर परिषद् क्षेत्र में अतिक्रमण करनेवाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की. इस दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर सड़क पर रखे सामानों को जब्त कर लिया.मंगलवार को जुगसलाई नगर परिषद् के पदाधिकारियों ने कुंवर सिंह चौक से लेकर एलआइसी बिल्डिंग तक अभियान चला कर दुकानदारों द्वारा किये गये अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की.(नीचे भी पढ़े)

अधिकारियों ने सड़क के दोनों ओर दुकान के बाहर सजाये गये सामानों को जब्त कर लिया एवं नगर परिषद् कार्यालय लेकर आ गये. इस दौरान दो दुकानदारों के सामान जब्त किये गये, जिन्होंने दुकान से बाहर सड़क पर दुकान के सामान सजा रखे थे. धालभूम अनुमंडलाधिकारी सह नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी पीयूष सिन्हा के दिशा निर्देश पर यह अभियान चलाया गया. दुकानदार अब निर्धारित जुर्माना भरने के बाद नगर परिषद् कार्यालय से अपने सामान वापस ले सकते हैं. जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान एक युवक ने कार्य में बाधा डालने की कोशिश की, जिसे पुलिस पकड़ कर थाना ले गयी.



