जमशेदपुर : झारखंड मानव अधिकार संघ (जेएचआरए), जमशेदपुर के अध्यक्ष मनोज किशोर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के उपायुक्त एवं प्रमंडलीय वन अधिकारी (डीएफओ) से उनके कार्यालय में मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा. संघ ने मानगो डिमना रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में जर्जर एवं अति-खतरनाक स्थिति में झुके दर्जनों विशालकाय यूकेलिप्टस वृक्षों को अविलंब हटाने तथा जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया. इन लोगों ने कहा कि मानगो ट्रांसपोर्ट नगर प्रांगण की चारदीवारी के किनारे (सिटी बॉयलर होते हुए खड़िया बस्ती जाने वाले सार्वजनिक मार्ग पर कई विशालकाय यूकेलिप्टस के पेड़ जड़ से उखड़ कर गिरने की कगार पर पहुंच चुके हैं. हाल ही में एक पेड़ अत्यधिक झुककर सीधे मुख्य आवागमन मार्ग एवं विद्युत तारों पर लटक गया है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. (नीचे भी पढ़े)
इस संकरे मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों आम नागरिक, स्कूली बच्चे, दुपहिया वाहन चालक गुजरते हैं. साथ ही स्थानीय निवासियों (रिंकू झा, राजेश तिर्की आदि) के मकान सीधे इन जर्जर वृक्षों की जद में हैं. पूर्व में स्थानीय निवासियों द्वारा मानगो नगर निगम, बिजली विभाग एवं वन विभाग को मौखिक व दूरभाष द्वारा अवगत कराए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस विभागीय कार्रवाई नहीं की गई थी. संघ ने मांग की है कि संबंधित विभागों (मानगो नगर निगम, वन विभाग एवं विद्युत विभाग) द्वारा तत्काल संयुक्त स्थल निरीक्षण करवाया जाए. बिजली के तारों पर झुके एवं जर्जर वृक्षों/शाखाओं को अविलंब हटाने की व्यवस्था की जाए. सुरक्षा के सभी समुचित उपाय सुनिश्चित किए जाएं. उपायुक्त एवं डीएफओ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर त्वरित एवं सकारात्मक कार्रवाई करने का कड़ा आश्वासन दिया. प्रतिनिधिमंडल में संघ के अध्यक्ष मनोज किशोर सहित संघ के सदस्य राजेश तिर्की, बिट्टू सुदी, प्रेम कुमार, रॉबिन सुदी, रिंकु झा,एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे.




