जमशेदपुर : जमशेदपुर के मध्य बागबेड़ा पंचायत में जिला परिषद पूर्वी सिंहभूम के 15वें वित्त आयोग मद अंतर्गत 4 लाख 20 हजार 7 सौ की प्राकलित राशि से डिस्पेंसरी मैदान के सौंदर्यीकरण कार्य के पूर्ण होने पर उद्घाटन सह दीप यज्ञ का आयोजन किया गया. दीप यज्ञ हरिद्वार से आईं हुई देव कन्या दीक्षा मिश्रा, दीपांक्षा त्यागी, चारु परिहार तथा गोलपहाड़ी गायत्री मंदिर पुजारी मंजू सिंह के द्वारा संपन्न कराया गया. तीनों देव कन्याओं ने अपने संबोधन में बच्चो को संस्कार और संस्कृति से अवगत कराते हुए परवरिश करने को प्रेरित किया. माता-पिता तथा बुजुर्गो को सम्मान देने की भी बात कन्याओं द्वारा कही गई. अपने धर्म को प्रचारित प्रसारित करने के लिए ये कन्याएं पूरे देश में भ्रमण करती हैं. (नीचे भी पढ़ें)

उनके सुवचन के बाद जिला पार्षद डॉ कविता परमार के साथ-साथ सभी लोगों द्वारा अपने अपने घर से लाए हुए दीप को डिस्पेंसरी मैदान में प्रज्वलित किया गया. हजारों दीपों की रौशनी से सौंदर्यीकृत डिस्पेंसरी मैदान जगमगा उठा. कॉलोनीवासी इस कार्य से काफी खुश नजर आ रहे थे. कविता परमार ने दीप यज्ञ को सफल बनाने के लिए बागबेड़ा कॉलोनीवासियों को धन्यवाद दिया. सभी के सहयोग से आगे भी क्षेत्र विकास का भरोसा भी दिलाया. जैसा कि विदित है कि विगत 29 नवंबर को सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में योजना का शिलान्यास किया गया था.




