जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम ज़िला मारवाड़ी सम्मेलन के नेतृत्व में नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण एवं सुनिश्चित रोजगार योजना के सफल संचालन के दस माह पूरे होने पर इसका औपचारिक शुभारंभ एवं पूर्व प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को रोजगार प्राप्त होने पर सम्मानित किया जाएगा. सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी उक्त जानकारी देते हुए कहा है कि आगामी 22 मार्च को साकची अग्रसेन भवन में उक्त आयोजन होगा, जिसमें इस आयोजन को और व्यापक स्तर तक ले जाने का प्रयास किया जायेगा. इस योजना का उद्देश्य मारवाड़ी समाज के जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली छात्रों को कंप्यूटर कौशल में दक्ष बनाकर रोजगार के अवसर प्रदान कराने के उद्देश्य से इस योजना की शुरुआत की गई थी, जिसके लिए एसआइआइटी कंप्यूटर ट्रेनिंग सेन्टर के साथ एक एकरारनामा किया गया है. यह पहल पूर्वी सिंहभूम ज़िला मारवाड़ी सम्मेलन एवं उनके संरक्षकों के सहयोग से की गई, जिससे अब तक कई युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि योजना की सफलता को देखते हुए इसे अब और व्यापक रूप में लागू किया जा रहा है. अब यह कार्यक्रम सभी समाज एवं जातियों के जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली छात्रों के लिए उपलब्ध होगा, जिससे अधिक से अधिक युवा डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप नौकरी के योग्य बन सकें. उन्होंने बताया कि यह एक वर्षीय पूर्णतः नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसमें शामिल होने के लिए छात्रों को एक चयन प्रक्रिया (साक्षात्कार) से गुजरना होगा. प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान किया जाएगा, जिससे वे उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार हो सकें. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्वी सिंहभूम ज़िला मारवाड़ी सम्मेलन समाज की युवा पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सफल करियर की दिशा में आगे बढ़ाने के इस प्रयास को लेकर प्रतिबद्ध है. कार्यकम को सफल बनाने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के महामंत्री प्रदीप कुमार मिश्रा, विजय गोयल, श्रवण देबुका, धर्मचंद पोद्दार, श्याम सुंदर अग्रवाल, दीपक अग्रवाल रामुका, विनीत मित्तल, मुकुंद केडिया, सिद्धार्थ खंडेलवाल, संजय शर्मा, पवन अग्रवाल पप्पी, पवन अग्रवाल, विवेक पुरिया, बिनोद अग्रवाल, बिनोद डंगबाजिया, अंकित मोदी ने रूप रेखा तैयार की.



