जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने ₹2,000 से अधिक के पात्र यूपीआइ व्यापारिक लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) शुल्क लागू करने की तिथि दिवाली के बाद तक स्थगित करने के निर्णय का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम में बाजारों में खरीदारी और डिजिटल भुगतान बढ़ जाता है. ऐसे समय में सरकार एवं भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआइ) द्वारा शुल्क लागू करने की तिथि स्थगित करना व्यापारियों के हित में स्वागत योग्य कदम है. इससे व्यापारियों को राहत मिलेगी तथा डिजिटल भुगतान को लेकर अनावश्यक असमंजस से बचने में मदद मिलेगी. उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरकार व्यापारियों की समस्याओं और व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी ऐसे निर्णय लेगी, जिससे व्यापार सुगमता को बढ़ावा मिले और डिजिटल भुगतान व्यवस्था अधिक सरल, सुरक्षित एवं प्रोत्साहनकारी बन सके.





