जमशेदपुर : गोलमुरी के केबुल टाउन स्थित न्यू डीएस फ्लैट दुर्गा एवं काली पूजा कमिटी द्वारा आयोजित श्री श्री दुर्गा पूजा महोत्सव के अवसर पर बुधवार को पूजा पंडाल का उद्घाटन हुआ. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू तथा विशिष्ट अतिथि, भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने पंडाल का विधिवत् उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़ें)

कमिटी की ओर से अतिथियों का स्वागत पारंपरिक ढाक और ताशा की गूंज के बीच हुआ. पूरे वातावरण में भक्तिमय उत्साह और उल्लास देखने को मिला. इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने संबोधन में सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्र वासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का प्रतीक है. मां दुर्गा की आराधना हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, सत्य के मार्ग पर चलने तथा समाज में शक्ति, साहस और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देती है. उन्होंने पूजा कमिटी के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज के लोगों को एकजुट करने तथा आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और सनातन परंपरा का जीवंत प्रतीक है. मां दुर्गा का आशीर्वाद हमें बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है. उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में जुटे पूजा कमिटी के सभी सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रयासों की सराहना की और सभी को दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम में समाजसेवी अखिलेश चौधरी और गोलमुरी भाजपा अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय भी मौजूद थे. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के दौरान पूजा कमिटी के पदाधिकारियों में अध्यक्ष विनय चौधरी, रोहित आनंद, महसचिव नरेंद्र कुमार, दीपांजन मुखर्जी, बी टी विश्वास, जसबीर सिंह, जयराम दास पात्र एवं सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया. श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति से उद्घाटन समारोह उत्सवमय बना रहा. कमिटी की ओर से सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से पूजा महोत्सव एवं मां के जागरण में सपरिवार शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई.





