जमशेदपुर : सोनारी दोमुहानी स्थित स्वर्णरेखा घाट पर आगामी 14 जनवरी को दोमुहानी संगम महोत्सव का आयोजन किया जायेगा. हिंदू उत्सव समिति व उम्मीद एक अभियान संस्था के संयुक्त तत्वावधान में दोपहर बाद 3 बजे से आयोजित होनेवाले इस कार्यक्रम में राज्य सरकार का उपक्रम स्वर्णरेखा परियोजना भी इसमें भागीदारी निभा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

हिंदू उत्सव समिति के रवि सिंह व उम्मीद एक अभियान के प्रवक्ता सुखदेव सिंह ने गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी देते हुए बताया गया कि नदी एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से नदी पूजन के साथ ही वाराणसी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का भी आयोजन किया जायेगा. इसके लिए वाराणसी से ग्यारह पुरोहितों की टीम बुलाई जा रही है जो उसी वेशभूषा एवं वैसी ही आनुष्ठानिक विधि से गंगा आरती संपन्न करायेंगे. सुखदेव सिंह ने बताया कि इस अवसर पर स्वर्णरेखा घाट पर 5,000 दीप प्रज्वलित किये जायेंगे, जबकि भगवान गणेश एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि इस समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद, पंच जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत विद्यानंद सरस्वती, अयोध्या के महंत स्वामी विश्वंभर नाथ के अलावा केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्व के विधायक सह पर्यावरणविद् सरयू राय, ईचागढ़ की विधायक सविता महतो भी शिरकत करेंगे. सुखदेव सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य नदियों को धर्म से जोड़कर लोगों में जागरूकता लाना है, ताकि नदियों को साफ-सुथरा रखा जा सके. सुखदेव सिंह ने बताया कि कार्यक्रम 14 जनवरी को इसलिए रखा गया है, क्योंकि मकर संक्रांति के दिन दोमुहानी घाट पर काफी भीड़ रहती है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वर्णरेखा परियोजना के मुख्य अभियंता अशोक कुमार दास, हिन्दू उत्सव समिति के शंकर रेड्डी, मुन्ना सिंह, अधिवक्ता रवि सिंह व उम्मीद एक अभियान के सुखदेव सिंह सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे.






