जमशेदपुर: धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण एवं विकास को लेकर क्षेत्र में बढ़ती उम्मीदों के बीच सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया के नेतृत्व में चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को धालभूमगढ़ स्थित द्वितीय विश्व युद्ध के समय वर्ष 1942 में निर्मित पुराने हवाई अड्डे का स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान चैंबर पदाधिकारियों ने एयरपोर्ट की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं एवं भविष्य में इसके विकास की संभावनाओं का जायजा लिया. उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से परियोजना को गति मिलेगी और वर्ष 2028 तक यहां से नियमित हवाई सेवा शुरू हो सकेगी.इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट केवल जमशेदपुर या कोल्हान की आवश्यकता नहीं है, बल्कि यह झारखंड, पश्चिम बंगाल एवं ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए भी बहुत ही महत्वपूर्ण परियोजना है. धालभूमगढ़ की भौगोलिक स्थिति इसे तीन राज्यों के लिए एक महत्वपूर्ण हवाई संपर्क केंद्र बनाती है. इसके लगभग 100 किलोमीटर के दायरे में पश्चिम बंगाल का खड़गपुर,जहां आईआईटी प्रतिष्ठित संस्थान है, ओडिशा के बारीपदा, बालासोर एवं क्योंझर तथा झारखंड का संपूर्ण कोल्हान क्षेत्र आता है. कोल्हान के प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्र लगभग 50-60 किलोमीटर के दायरे में स्थित हैं. इस दृष्टि से एयरपोर्ट की व्यावसायिक उपयोगिता एवं यात्री संभावनाएं काफी व्यापक हैं. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर एक प्रमुख औद्योगिक शहर होने के बावजूद यहां नियमित एवं भरोसेमंद हवाई सेवा का अभाव है.सोनारी एयरपोर्ट से फिलहाल सीमित उड़ानों का संचालन होता है. ऐसे में क्षेत्र के औद्योगिक, व्यावसायिक एवं आर्थिक विकास के लिए धालभूमगढ़ एयरपोर्ट अत्यंत आवश्यक है. इसके शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों, निवेश एवं औद्योगिक विस्तार को भी बढ़ावा मिलेगा.(नीचे भी पढ़े)
निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पाया कि एयरपोर्ट परिसर में द्वितीय विश्व युद्ध के समय की पुरानी आधारभूत संरचनाएं पहले से मौजूद हैं. यहां लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर लंबाई वाली दो हवाई पट्टियां तथा एक अलग हैंगर स्ट्रिप भी निर्मित है. चैंबर पदाधिकारियों का मानना है कि उपलब्ध पुराने ढांचे का तकनीकी मूल्यांकन कर आधुनिक आवश्यकताओं एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य किया जाना चाहिए.चैंबर के महासचिव पुनीत काउंटिया ने कहा कि चैंबर पिछले कई महीनों से धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है. इस संबंध में वन विभाग, भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय तथा एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ लगातार पत्राचार किया जा रहा है. चैंबर के प्रतिनिधि संबंधित अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर भी परियोजना की फाइल को आगे बढ़ाने एवं आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं. चैंबर इस विषय को लगातार प्राथमिकता के साथ उठा रहा है और आगे भी अपने प्रयास जारी रखेगा. पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि परियोजना को वन स्वीकृति की दिशा में प्रगति मिली है और अब आगे की प्रक्रिया को गति देने की आवश्यकता है. पर्यावरण मंत्रालय के स्तर पर आवश्यक आवंटन एवं फंड निर्गत होने की प्रक्रिया शेष है. उन्हें उम्मीद है कि संबंधित औपचारिकताएं शीघ्र पूरी होंगी और एयरपोर्ट निर्माण का कार्य धरातल पर शुरू हो सकेगा. उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के शुरू होने से पूरे क्षेत्र में व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन को नई दिशा मिलेगी. हवाई संपर्क बेहतर होने से व्यावसायिक यात्राएं आसान होंगी और क्षेत्र में नए होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य सेवा क्षेत्र से जुड़े व्यवसायों का विकास होगा. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे..(नीचे भी पढ़े)
चैंबर के उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल ने कहा कि जमशेदपुर औद्योगिक शहर में एयरपोर्ट का अभाव बड़े औद्योगिक निवेश के मार्ग में एक चुनौती है. इस क्षेत्र में पहले से लगभग 1500 से 2000 लघु एवं मध्यम उद्योग संचालित हैं. एयरपोर्ट बनने से इन उद्योगों को अपने व्यापार का विस्तार करने, देश के अन्य औद्योगिक शहरों एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जुड़ने तथा नए व्यावसायिक अवसर प्राप्त करने में काफी मदद मिलेगी. साथ ही बड़े उद्योगों एवं निवेशकों के लिए भी यह क्षेत्र अधिक सुविधाजनक बनेगा. सचिव बिनोद शर्मा ने कहा कि एयरपोर्ट की स्थापना से कोल्हान क्षेत्र की कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार होगा. इसका लाभ उद्योगों के साथ-साथ व्यापारियों, उद्यमियों, पर्यटकों एवं आम नागरिकों को भी मिलेगा.चैंबर का मानना है कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट केवल हवाई यात्रा की सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह पूरे कोल्हान एवं आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक और औद्योगिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बनेगा. इससे निवेश, व्यापार, पर्यटन, होटल एवं सेवा क्षेत्र के विकास के साथ रोजगार सृजन को भी प्रोत्साहन मिलेगा. चैंबर प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र एवं राज्य सरकार से परियोजना से संबंधित सभी लंबित प्रक्रियाओं एवं आवश्यक स्वीकृतियों को शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का आग्रह किया. चैंबर ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकारों के समन्वित प्रयास एवं निरंतर पहल से वर्ष 2028 तक धालभूमगढ़ एयरपोर्ट से नियमित उड़ान शुरू करने का लक्ष्य साकार हो सकेगा.स्थल निरीक्षण में चैंबर की ओर से अध्यक्ष मानव केडिया, महासचिव पुनीत काउंटिया, उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल, सचिव बिनोद शर्मा, पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका तथा कार्यकारिणी समिति के सदस्य उमंग अग्रवाल एवं विवेकानंद लोढ़ा उपस्थित थे.












