
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंशी मोहल्ला पोस्ट ऑफिस रोड स्थित एक मकान परिसर में बने कुएं में गिरने से 45 वर्षीय रघुवीर सिंह की मौत हो गई. यह हादसा शनिवार देर रात हुआ. जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रघुवीर सिंह कथित तौर पर नशे की हालत में घर लौट रहे थे. इसी दौरान घर के पास गली में बने कुएं के पास उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरे कुएं में जा गिरे. गिरने की आवाज सुनकर निर्मल कौर सबसे पहले मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक रघुवीर सिंह कुएं की गहराई में जा चुके थे. ( नीचे देखें पूरी खबर)

आसपास मौजूद लोगों को तैरना नहीं आता था, जिसके कारण कोई तुरंत उन्हें बचाने के लिए कुएं में नहीं उतर सका. कुछ देर बाद स्थानीय निवासी हीरा सिंह ने साहस दिखाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रघुवीर सिंह को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. बताया गया कि रघुवीर सिंह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के बरनपुर के रहने वाले थे. ( नीचे देखें पूरी खबर)

उनकी शादी नहीं हुई थी और उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था. वह पिछले ढाई वर्षों से जमशेदपुर में रहकर श्री राम राशन स्टोर में काम कर रहे थे. घटना की सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.




