जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी निवासी 23 वर्षीय प्रेम कुमार के सुवर्णरेखा नदी में डूब जाने की आशंका से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है. यह घटना सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित जायदा मंदिर के पास सोमवार को हुई. प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रेम कुमार अपने मित्र आशुदेव कुमार के साथ चांडिल घूमने गया था. दोनों सुवर्णरेखा नदी में नहाने उतरे थे. इसी दौरान आशुदेव मोबाइल से प्रेम का वीडियो और रील बना रहा था. बताया जाता है कि नहाने के दौरान प्रेम नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गया और अचानक पानी में डूबकर लापता हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद आशुदेव ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक युवक नदी में गायब हो चुका था. सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस, गोताखोरों की टीम और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. देर शाम तक नदी में सघन खोज अभियान चलाया गया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला. अंधेरा बढ़ने के कारण प्रशासन ने सोमवार शाम को सर्च ऑपरेशन रोक दिया. मंगलवार सुबह फिर से गोताखोरों और पुलिस की टीम ने खोज अभियान शुरू किया. परिजन लगातार घटनास्थल पर मौजूद हैं और युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं. पुलिस पूरे मामले की निगरानी कर रही है.







