रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : नगर परिषद चक्रधरपुर के अध्यक्ष सन्नी उरांव ने झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से शिष्टाचार मुलाकात कर क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. इस दौरान उन्होंने चक्रधरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनहित से जुड़े विषयों को मंत्री के समक्ष रखा. मुलाकात के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष ने क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, ग्रामीण संपर्क मार्ग, सामुदायिक विकास एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर संचालन की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता विकास कार्यों के शीघ्र क्रियान्वयन की अपेक्षा रखती है और इसके लिए राज्य सरकार का सहयोग आवश्यक है. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने नगर परिषद अध्यक्ष की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा तथा विकास कार्यों के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी. मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में समान रूप से विकास को गति देना है ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें. इस अवसर पर इंडिया गठबंधन के राज्यसभा प्रत्याशी प्रणव झा से भी सन्नी उरांव ने मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच क्षेत्र की सामाजिक, राजनीतिक एवं विकासात्मक परिस्थितियों को लेकर विचार-विमर्श हुआ. सन्नी उरांव ने क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं जनता की अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया. (नीचे भी पढ़ें)
मुलाकात के उपरांत नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि यह बैठक क्षेत्र के विकास की दृष्टि से काफी सकारात्मक एवं महत्वपूर्ण रही. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के सहयोग और समन्वय से चक्रधरपुर क्षेत्र में विकास की नई संभावनाओं को साकार किया जा सकेगा तथा जनहित से जुड़े कार्यों को और अधिक गति मिलेगी. इस दौरान प्रकाश महतो भी उपस्थित रहे. उन्होंने भी क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे और जनहित में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया. अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच हुई इस सार्थक चर्चा को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.







