
जमशेदपुर : जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त सूरज कुमार की अध्यक्षता में मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2022 को लेकर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया. उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन कार्यों को डिजिटल माध्यम से सहज बनाते हुए डायल 1950 की सुविधा बहाल की गई है, वहीं गरूड़ एप व अन्य डिजिटल सुविधा भी है जहां कोई भी व्यक्ति ऑनलाईन माध्यम से वोटर कार्ड के लिए अप्लाई, सुधार, नाम हस्तान्तरण से संबंधित आवेदन कर सकते हैं. उन्होने यह भी कहा कि डायल 1950 की सुविधा मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक एव निर्वाचन कार्य से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सुझाव दी जाती है, आम-जन में इसका प्रचार-प्रसार करायें. उपायुक्त ने बताया कि मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2022 दिनांक 01 नवम्बर से प्रारम्भ है जो 30 नवंबर 2021 तक चलेगा. पुनरीक्षण 2022 के तहत जिले के ग्रामस्तर, वार्ड स्तर पर ग्राम सभा, वार्ड सभा का आयोजन किया जाएगा जिसमें सभी बीएलओ व पर्यवेक्षक उपस्थित रहेंगे. सभा में मतदाता सूची पढकर सुनाया जाएगा एवं सभी आम नागरिकों को इस विषयवस्तु पर अवगत कराया जाना है. 20 नवम्बर, 21 नवम्बर, 27 नवम्बर एवं 28 नवम्बर को विशेष अभियान दिवस मनाया जाएगा. विशेष अभियान दिवस में बीएलओ प्रपत्र-6, 7 एवं प्रपत्र 8 प्राप्त करेंगे. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का त्रुटिरहित एवं गुणवता के लिए मतदाता सूची की अशुद्धियों को दूर किया जाना आवश्यक है. इसके तहत् सूची में दर्ज वैसे मतदाताओं का नाम जो मृत, स्थानान्तरित, दुबारा प्रविष्टि है उनका नाम मतदाता सूची से हटाये जाने हेतु संबंधित बीएलओ के माध्यम से आवश्यक कार्य किया जाएगा ताकि शुद्ध मतदाता सूची का निर्माण किया जा सके. मौके पर निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियो में एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, निदेशक एनईपी, निदेशक डीआरडीए, जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपस्थित थे .












