जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो अंचल अधिकारी कार्यालय ने सुवर्णरेखा नदी किनारे कथित अतिक्रमण के मामले में संबंधित व्यक्ति को अंतिम नोटिस जारी किया है. कार्यालय द्वारा जारी नोटिस में बताया गया है कि मामले में नियमानुसार सुनवाई की प्रक्रिया पूरी करने के बाद 11 सितंबर 2024 को अंतिम आदेश पारित किया गया था तथा 14 दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था. इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर 14 दिसंबर 2024 को पुनः नोटिस जारी किया गया, लेकिन अब तक संबंधित भूमि को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)
अंचल कार्यालय ने अब अंतिम चेतावनी देते हुए निर्देश दिया है कि संबंधित व्यक्ति 4 अगस्त 2026 से पहले स्वयं अतिक्रमण हटा लें. अन्यथा 4 अगस्त 2026 को दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की उपस्थिति में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी.




