बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की पाथरा पंचायत के भालुकखुलिया गांव में पिछले 10 दिनों से 16 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बिजली आपूर्ति ठप रहने से पेयजल व्यवस्था, विद्यार्थियों का पठन पाठन, घरेलू कार्य और कृषि संबंधी कार्य भी प्रभावित हो रहा हैं. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में स्थापित 16 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर वर्तमान विद्युत भार के अनुरूप पर्याप्त नहीं है. अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो जाता है. इस बार ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद 21 जुलाई 2026 को सहायक अभियंता, विद्युत आपूर्ति कार्यालय, चाकुलिया को लिखित आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक न तो ट्रांसफार्मर की मरम्मत की गई है और न ही उसे बदला गया है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली नहीं रहने से पूरे गांव का जनजीवन प्रभावित हो गया है. शाम होते ही गांव अंधेरे में डूब जाता है. (नीचे भी पढ़ें)
बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, वहीं पेयजल आपूर्ति और अन्य आवश्यक कार्य भी प्रभावित हैं. बरसात के मौसम में बिजली नहीं रहने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है. ग्रामीणों ने प्रशासन एवं विद्युत विभाग से मांग की है कि वर्तमान 16 केवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर 25 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर शीघ्र स्थापित किया जाए, ताकि भविष्य में बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्या समाप्त हो और गांव को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके. ग्रामीणों ने कहा कि आवेदन देने के कई दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होना विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है. ग्रामीणों ने स्थानीय जन प्रतिनिधि से अविलंब हस्तक्षेप कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है.




