जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड और बैकुंठनगर स्थित सुवर्णरेखा नदी किनारे बने करीब 50 से 60 मकानों को मानगो अंचल कार्यालय की ओर से अतिक्रमण हटाने का अंतिम नोटिस जारी किया गया है. नोटिस में संबंधित लोगों को 4 अगस्त तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है. निर्धारित समय सीमा के बाद दंडाधिकारी और पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी. शुक्रवार को बस्तीवासियों ने बस्ती में प्रशासन की इस कार्रवाई का विरोध जताया. उनका कहना है कि वे पिछले लगभग 50 वर्षों से यहां रह रहे हैं और मानगो नगर निगम को नियमित रूप से होल्डिंग टैक्स एवं पानी टैक्स का भुगतान करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
ऐसे में अचानक बेदखली की कार्रवाई से उनके परिवारों के सामने आवास का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा. स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रशासन का कहना है कि सुवर्णरेखा नदी किनारे बने ये मकान अवैध अतिक्रमण की श्रेणी में आते हैं. नदी के चौड़ीकरण और तट पर पत्थर बिछाने (पिचिंग) के कार्य के लिए इन अतिक्रमणों को हटाना आवश्यक है. अंचल कार्यालय की ओर से जारी नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले भी अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया जा चुका है. शुक्रवार को अंतिम नोटिस दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, बस्तीवासियों ने मांग की है कि यदि सरकार और प्रशासन उन्हें यहां से हटाना चाहता है, तो पहले उनके पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाए. उनका कहना है कि कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों के रहने, आजीविका और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उचित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए.




