जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-13 स्थित तैय्यबा मस्जिद परिसर में मंगलवार को वार्ड नंबर 18 की पार्षद जुली परवीन और समाजसेवी सनी मिर्जा के सहयोग से नि:शुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर आंखों की जांच करायी. कैंप में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों की आंखों की जांच कर दृष्टि संबंधी समस्याओं की जानकारी दी. आंखों में जलन, कम दिखाई देना, चश्मे की जरूरत और अन्य समस्याओं की जांच की गयी. जांच के बाद चिकित्सकों ने जरूरतमंद मरीजों को आगे के इलाज के लिए आवश्यक परामर्श दिया. (नीचे भी पढ़ें)

आयोजकों ने बताया कि जांच के दौरान जिन मरीजों में आंखों के ऑपरेशन की आवश्यकता पायी जाएगी, उनका नि:शुल्क आंख का ऑपरेशन कराया जाएगा. इसके लिए जरूरतमंद मरीजों को चिन्हित कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. वार्ड पार्षद जुली परवीन ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के शिविर का आयोजन किया गया है. समाजसेवी सनी मिर्जा ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को जांच के साथ इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. कैंप में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजकों के इस प्रयास की सराहना की.




