
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से टाटा पिगमेन्टस के सीएसआर कार्यक्रम के तहत नेत्र जांच सत्र के साथ आज बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में निशुल्क नेत्र ऑपरेशन शिविर का शुभारंभ हुआ। जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा 260 नेत्र रोगियों के आंखों की जांच की गयी, जिसमें 32 हायपर मैच्योर नेत्र रोगियों का चयन वर्तमान कोविड-19 दिशा-निर्देश के अनुसार किया गया। रविवार को स्वास्थ्य जांच में उपयुक्त नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. विवेक केडिया द्वारा किया जायेगा। आज जांच सत्र के दौरान टाटा पिगमेन्टस के पदाधिकारी राजेश जेम्स एवं नवनीत कौर उपस्थित थें, जिनका स्वागत रेड क्रॉस कार्यकर्ता प्रमोद कुमार ने किया। शिविर का संचालन रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह द्वारा किया जा रहा है।












