जमशेदपुर: फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन जिला कमिटी ने घोषणा की है कि जिले के लगभग 1432 जनवितरण प्रणाली दुकानदार एवं महिला समूह समिति 1 सितम्बर 2025 से दुकान बंद रखेंगे. संघ का कहना है कि एनएफएसए और जेएफएसए के तहत निःशुल्क राशन वितरण पर दिसंबर 2023 से अब तक का कमिशन बकाया है. इस कारण दुकानदार और उनके परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं तथा भुखमरी के कगार पर पहुंच चुके हैं. संघ ने कई बार जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से ज्ञापन के माध्यम से भुगतान की मांग की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक बकाया कमिशन का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक ग्रीन राशन, चना दाल और नमक का उठाव व वितरण नहीं होगा. (नीचे भी पढ़ें)
डीलर्स ने उपायुक्त के समक्ष नौ सूत्री मांगें रखी हैं, जिनमें एनएफएसए व जेएफएसए के बकाया कमिशन का शीघ्र भुगतान, दुकानदार परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा सुविधा, ई-पॉस मशीन की रिपेयरिंग लागत सरकार द्वारा उठाना, 2जी की जगह 5जी ई-पॉस मशीन उपलब्ध कराना, दुकानदारों को तीस हजार मानदेय या दस हजार प्रोत्साहन राशि देना और प्रति क्विंटल कमिशन ₹150 से बढ़ाकर ₹300 करना प्रमुख हैं. संघ ने कहा है कि यदि सितंबर माह से पूर्व समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सभी दुकानदार दुकानें बंद रखने के लिए बाध्य होंगे और इस दौरान होने वाली किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी सरकार व आपूर्ति विभाग की होगी.











