जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित कुंजनगर के अंबेडकर पथ, धोबी लाइन में शनिवार रात आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग संतोष कुमार के मकान की चौथी मंजिल पर बने एक कमरे में लगी, जिससे लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई. हालांकि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई. जानकारी के अनुसार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच घर के मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए दीया जलाया गया था. परिजनों का अनुमान है कि दीपक की लौ से आसपास रखी सामग्री में आग लगी, जो धीरे-धीरे पूरे कमरे में फैल गई. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं कुछ लोगों का कहना है कि सबसे पहले फ्रिज में आग लगी थी, जिसके बाद आग ने तेजी से पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया. आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर आसपास के निवासियों को सतर्क किया. इसके बाद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और दमकल विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही टाटा स्टील के दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. (नीचे भी पढ़ें)
दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आगजनी की इस घटना में टीवी, फर्नीचर, खिड़कियां और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए. घटना के समय घर में मौजूद सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में पूजा के दौरान जलाए गए दीये से आग लगने की आशंका जताई जा रही है.







